[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

कांग्रेस संगठन में युवाओं को 50% प्रतिनिधित्व, उम्र सीमा की अफवाह बेबुनियाद मनीष केशरी बोले — समर्पित कार्यकर्ताओं को ही मिलेगी जिम्मेदारी

पेंड्रा। कांग्रेस संगठन में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर अब विराम लग गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जिलाध्यक्ष पद के लिए उम्र की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनीष केशरी ने कहा कि पार्टी की नीति स्पष्ट है — संगठन में 50 प्रतिशत युवाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा, साथ ही उन वरिष्ठ नेताओं को भी जिम्मेदारी दी जाएगी जिन्होंने पार्टी की विचारधारा के साथ निष्ठा और ईमानदारी से काम किया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दे रही है जिनमें संगठनात्मक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और जनसंपर्क कौशल मौजूद है।

केशरी ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने रायपुर प्रवास के दौरान यह स्पष्ट किया था कि प्रदेश के सभी जिलों में जिलाध्यक्षों का पुनर्गठन किया जाएगा। जिन जिलाध्यक्षों ने अपने कार्यकाल में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा ने भी जिलाध्यक्ष पद के लिए अपना आवेदन प्रस्तुत किया है।

मनीष केशरी ने कहा कि होरा जैसे अनुभवी और समर्पित नेताओं की मौजूदगी के साथ युवाओं की नई ऊर्जा मिलकर कांग्रेस संगठन को और मजबूती प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *