धान खरीदी में फर्जीवाड़ा कर गबन करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
मुंगेली, 08 अक्टूबर 2025। राजेश खन्ना की रिपोर्ट,
धान खरीदी केन्द्र तरवरपुर में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी केन्द्र प्रभारी सरजू बघेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में आरोपी के विरुद्ध ठोस साक्ष्य मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुमरनदास मानिकपुरी, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर, शाखा सेतगंगा, थाना फास्टरपुर ने थाना फास्टरपुर में 07 अक्टूबर 2025 को लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन में बताया गया कि सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक मुंगेली की जांच रिपोर्ट में धान खरीदी केन्द्र तरवरपुर में वर्ष 2024-25 में गंभीर अनियमितता पाई गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, कुल 39,767.20 क्विंटल धान खरीदा गया था, जिसमें से 36,404.36 क्विंटल का परिवहन किया गया, जबकि 3,362.84 क्विंटल धान ऑनलाइन दर्शाया गया था। जांच के दौरान पाया गया कि 2,094.64 क्विंटल धान, जिसकी कीमत लगभग ₹65,02,684 (पैंसठ लाख दो हजार छह सौ चौरासी रुपये) है, धान खरीदी केन्द्र से गायब है। यह गबन केन्द्र प्रभारी सरजू बघेल द्वारा किया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 65/2025 धारा 318(4), 316(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान आरोपी सरजूराम बघेल पिता छोटकूराम बघेल, उम्र 46 वर्ष, निवासी फंदवानीकापा, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से धान खरीदी रजिस्टर सहित संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को 08 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फास्टरपुर गिरीजा शंकर यादव एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
