कांदुल के 8 छात्र राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए चयनित
जिला ब्यूरो तरुण साहू
बालोद। जिले के विकासखंड गुंडरदेही के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांदुल के आठ विद्यार्थियों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के ये बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। हाल ही में 24 से 27 सितंबर तक दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बच्चों ने यह सफलता अर्जित की।
यह पहली बार है जब कांदुल के बच्चे राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत के अलग-अलग राज्यों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अंडर-14 बालिका वर्ग में कक्षा 9वीं की वीणा और कक्षा 8वीं की प्रियंका दिल्ली में प्रतिस्पर्धा करेंगी। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में कक्षा 9वीं की कुमाक्षी, भुनेश्वरी और गीता तमिलनाडु में अपनी क्षमता दिखाएंगी। अंडर-19 वर्ग में कक्षा 11वीं की रिंकी और कांक्षा बालिका वर्ग में तथा मिथलेश चंद्रवंशी बालक वर्ग में जम्मू-कश्मीर में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलेंगे।
बच्चों की इस सफलता से ग्राम कांदुल में उत्सव का माहौल है। क्षेत्रवासियों और अभिभावकों ने गर्व जताते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्राचार्य श्रीराम हदगईया और पीटीआई शिवशंकर साहू ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विजय की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836
