**गुरु धर्मदास बालक साहब जन्मोत्सव पर तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम 28 अगस्त से शुरू**
**पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले को दिया गया आमंत्रण, आज से शुरू हुआ जनसंपर्क**
बिलासपुर। संत परंपरा के महान संत *गुरु धर्मदास बालक साहब* के जन्मदिवस पर तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन 28 अगस्त से किया जा रहा है। आयोजन समिति ने इसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं तथा आज से आमंत्रण वितरण एवं जनसंपर्क की विधिवत शुरुआत कर दी गई है। यह कार्यक्रम बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किया जा रहा है,
कार्यक्रम के प्रथम दिन 28 अगस्त को प्रभात फेरी एवं भव्य बाइक रैली के साथ जन्मोत्सव की शुरुआत होगी। बाइक रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गुरुजी के सन्देश को जन-जन तक पहुँचाएगी। इसके माध्यम से युवाओं को संत धर्मदास जी के जीवन दर्शन एवं सामाजिक समरसता के मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सत्संग, गुरुवाणी पाठ, कथा, भजन संध्या एवं आध्यात्मिक प्रवचनों की शृंखला चलेगी। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों के तहत आज आयोजकों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधायक एवं पूर्व मंत्री *पुन्नूलाल मोहले* से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्यों ने उन्हें कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए विशेष आमंत्रण पत्र भेंट किया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि संत धर्मदास बालक साहब न केवल आध्यात्मिक गुरु थे, बल्कि सामाजिक समरसता, जातिविहीन समाज एवं श्रम के गौरव को स्थापित करने वाले युगपुरुष भी थे। उनका जीवन, आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
गौरतलब है कि पिछले वर्षों की भांति इस बार भी कार्यक्रम को भव्यता देने हेतु समिति द्वारा जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है। शहरवासियों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है ताकि संत परंपरा के इस गौरवशाली उत्सव को पूरे समाज का आशीर्वाद प्राप्त हो सके।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]
