**चैन सिंह परस्ते ने संभाला अमरकंटक नगर परिषद सीएमओ का कार्यभार, स्थाई नियुक्ति से विकास को मिलेगी गति**
*संवाददाता – श्रवण उपाध्याय*
अमरकंटक। मां नर्मदा की उद्गम स्थली और धार्मिक नगरी अमरकंटक में नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पद पर चैन सिंह परस्ते ने पुनः कार्यभार संभाल लिया है। दिनांक 23 जून 2025, सोमवार को उन्होंने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। श्री परस्ते नगर परिषद बनगवां, जिला अनूपपुर से स्थानांतरित होकर अमरकंटक आए हैं। यह उनका अमरकंटक में दूसरा कार्यकाल है, पूर्व में वे 18 जून 2024 तक भी यहां कार्यरत रह चुके हैं।
एक वर्ष पूर्व अमरकंटक से स्थानांतरित होने के बाद नगर परिषद में लगातार प्रभारी सीएमओ के माध्यम से कार्य संचालित हो रहे थे। इस दौरान भूपेंद्र सिंह बघेल, महिपाल सिंह गुर्जर और शिव प्रसाद सिंह धुर्वे ने प्रभारी सीएमओ के रूप में जिम्मेदारी निभाई, किंतु स्थायी सीएमओ की कमी के कारण नगर परिषद के नियमित कार्यों और विकास योजनाओं पर असर पड़ा।
स्थायी सीएमओ की नियुक्ति को लेकर अमरकंटक के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रीय विधायक ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से लगातार मांग की थी। नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदगणों ने भी जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्थायी सीएमओ की नियुक्ति की आवश्यकता जताई थी।
चैन सिंह परस्ते के पास नगर प्रशासन का व्यापक अनुभव है। वे अमरकंटक नगर परिषद की कार्यप्रणाली से भलीभांति परिचित हैं। पूर्व में अपने कार्यकाल में उन्होंने परिषद के प्रशासनिक कार्यों को कुशलता से संभाला था। उनकी पुनः नियुक्ति से परिषद के कार्यों में गति आने की उम्मीद है।
कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष पार्वती सिंह उइके, पार्षद दिनेश द्विवेदी, कान्हा तिवारी, शक्ति पांडेय, जोहान लाल चंद्रवंशी, देवानंद खत्री, प्रकाश द्विवेदी, ऊषा बाई, सावित्री बाई, विमला दुबे, सुखनंदन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों एवं पार्षदों ने श्री परस्ते का स्वागत करते हुए नगर के समग्र विकास की उम्मीद जताई है। अब देखना होगा कि उनके अनुभव और नेतृत्व में अमरकंटक नगर परिषद की विकास योजनाओं को कितनी तेजी मिलती है।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]