**चीरघर बना कबाड़खाना: अमरकंटक की पवित्र नगरी में गंदगी का साम्राज्य, प्रशासन मौन**
*संवाददाता / श्रवण उपाध्याय*
**अमरकंटक।**
मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक, जहां श्रद्धा और आस्था का प्रवाह कभी थमता नहीं, वहां स्थित एक मात्र चीरघर (पोस्टमार्टम हाउस) आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल अमरकंटक का यह चीरघर आज कबाड़खाने में तब्दील हो गया है। मृतकों के शवों के विच्छेदन के लिए बनाए गए इस महत्वपूर्ण भवन की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि अंदर प्रवेश करना भी किसी सजा से कम नहीं लगता।
भीतर का नजारा शर्मनाक है – चारों तरफ कचरे का अंबार, गंदगी की दुर्गंध और दीवारों पर कालिख की परतें। कमरे कबाड़ी गोदाम जैसे प्रतीत होते हैं, जहां साफ-सफाई नाममात्र की नहीं है। भवन के दरवाजे टूट चुके हैं, रंग-रोगन वर्षों से नहीं हुआ, और छत टपकने की हालत में है।
ऐसी स्थिति में शवों का पोस्टमार्टम किया जाना न केवल अमानवीय है, बल्कि मृतकों के सम्मान के भी खिलाफ है। शव विच्छेदन जैसे संवेदनशील और वैज्ञानिक प्रक्रिया को इस कदर अनदेखा करना प्रशासनिक संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार इस चीरघर की बदहाली की शिकायतें नगर परिषद और प्रशासन तक पहुंचाई गईं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। जरूरत पड़ने पर शवों को शाम या रात में इसी गंदगी भरे भवन में रखना पड़ता है। सोचिए, मृतकों के परिजन किन हालातों में अंतिम औपचारिकताओं का सामना करते होंगे।
चीरघर तक जाने वाला रास्ता भी बदहाल है – गड्ढों से भरा, कीचड़युक्त और अंधेरे में डूबा हुआ। न तो पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था है, न ही कोई सुरक्षा। यह सम्पूर्ण व्यवस्था मानवता को शर्मसार करती है।
अब सवाल उठता है – इस चीरघर की देखरेख किस विभाग की जिम्मेदारी है? नगर परिषद अमरकंटक या जिला प्रशासन आखिर कब नींद से जागेगा? क्या यहां के जनप्रतिनिधि कभी इस दिशा में गंभीर प्रयास करेंगे?
जनता चाहती है जवाब। यह कोई आम भवन नहीं, बल्कि एक ऐसा स्थान है जहां मृत्यु के बाद भी इंसान को गरिमा से विदाई दी जानी चाहिए। अमरकंटक जैसे पवित्र स्थल में इस तरह की उपेक्षा निंदनीय है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को चाहिए कि वे तत्काल चीरघर की मरम्मत, सफाई, रंग-रोगन एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
वरना यह बदहाली आने वाले समय में ना केवल अमरकंटक की छवि धूमिल करेगी, बल्कि प्रशासन की संवेदनशीलता पर भी गहरे प्रश्नचिन्ह खड़े करेगी।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]