**पत्नी की हत्या: अमरकंटक के जमुनादादर में घरेलू विवाद में दर्दनाक वारदात**
**संवाददाता / श्रवण उपाध्याय**
**अमरकंटक।** मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक के नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 जमुनादादर में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी दुर्गेश बैगा ने अपनी पत्नी इंद्रावती बैगा को मामूली से विवाद में इतनी बेरहमी से मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना रविवार 15 जून 2025 की शाम करीब 4 बजे की है। स्थानीय निवासी जयलाल बैगा (34), पिता सेमलाल बैगा ने सोमवार सुबह 8 बजे थाना अमरकंटक में रिपोर्ट दर्ज कराई। जयलाल के अनुसार, वह मजदूरी करता है और घटना के समय वह संतोषी बाई, राय सिंह और दुर्गेश बैगा के साथ दुर्गेश के घर के बाहर बैठा था। उसी दौरान दुर्गेश की पत्नी इंद्रावती, जो शराब के नशे में थी, वहां आई। दुर्गेश ने उससे पूछा कि मजदूरी के 1800 रुपए कहां रखे हैं, जिन्हें वह बाजार से सब्जी और सामान लाने के लिए मांग रहा था। इंद्रावती ने जवाब दिया कि पैसे कहीं गिर गए हैं और नहीं मिल रहे, जिससे गुस्साए दुर्गेश ने घर में रखे बांस के डंडे से इंद्रावती के सिर और पैर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
सिर से खून बहने लगा और जोरदार मार के चलते इंद्रावती वहीं बेहोश होकर गिर पड़ी। जब लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो दुर्गेश ने उन्हें भी धमकाया, जिसके बाद लोग वहां से हट गए। दुर्गेश ने पत्नी को घसीटते हुए कमरे के अंदर ले जाकर जमीन पर लिटा दिया। सोमवार सुबह करीब 7 बजे वह जयलाल के घर पहुंचा और बताया कि उसकी पत्नी की रात 12:01 बजे मौत हो गई है। जयलाल, संतोषी बाई, राय सिंह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो इंद्रावती मृत पाई गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना अमरकंटक में अपराध क्रमांक 112/25 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। नगर निरीक्षक एल.बी. तिवारी, उप निरीक्षक पी.एस. बघेल और सहायक उप निरीक्षक ईश्वर यादव द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है। मृतका के शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
अभियुक्त दुर्गेश बैगा को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। यह घटना न केवल क्षेत्र में सनसनी फैला रही है, बल्कि घरेलू हिंसा की गंभीरता और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रही है।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]