थाना सीपत में शिकायत समाधान शिविर संपन्न, जुहली की महिला कमांडो को मिला सम्मान
सीपत, 16 जून 2025। थाना सीपत परिसर में शिकायत समाधान शिविर का आयोजन थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विशेष रूप से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण एवं आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ाना रहा।
शिविर में ग्राम जुहली की 55 महिलाओं को ‘महिला कमांडो’ के रूप में सम्मानित किया गया, जिन्होंने गांव को नशामुक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। साथ ही सहयोग करने वाले 10 बुज़ुर्गों को भी सराहा गया। एसएसपी रजनेश सिंह ने महिला कमांडो के साहस और जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि “आपने अपने कार्य से जिले व प्रदेश को गौरवांवित किया है, आपका योगदान प्रेरणादायक है।” उन्होंने अवैध शराब, गांजा, नशीली दवाओं के खिलाफ सख्ती से अभियान चलाने का संदेश देते हुए पुलिस और समाज के सामूहिक सहयोग की बात कही।
कार्यक्रम में एडिशनल एसपी (ग्रामीण) अर्चना झा और एसडीओपी सिद्धार्थ बघेल भी उपस्थित रहे। अर्चना झा ने महिलाओं को सामाजिक चेतना की मिसाल बताते हुए कहा कि “आप सशक्त नारी की प्रतिमूर्ति हैं, समाज को सही दिशा देने की जिम्मेदारी आपके हाथों में है।”
शिविर में कुल 18 शिकायत आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से सरल मामलों का तत्काल निपटारा किया गया, दो मामलों में FIR दर्ज की गई, वहीं दो मामलों में पारिवारिक समझौता भी हुआ।
इस दौरान जुहली की महिला विष्णु देवी सारथी और दुखनीबाई मरकाम ने ग्राम को नशामुक्त बनाने की कठिन यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि 300 महिलाएं लाठियां लेकर गांव में निकलीं, तब जाकर यह बदलाव संभव हुआ। कांग्रेस नेता प्रमोद जायसवाल ने खांडा गांव में चल रहे अवैध शराब कारोबार को बंद कराने की मांग का आवेदन एसएसपी को सौंपा।
समारोह में महिला कमांडो को पारंपरिक गमछा, सुरक्षा लाठी एवं सिटी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र धीवर, जनपद सभापति मनोज खरे, सीपत सरपंच मनीषा वंशकार सहित 72 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में सीपत पुलिस के समस्त जवानों की विशेष भूमिका रही।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]