छत्तीसगढ़ में मानिकपुरी पनिका समाज का सामाजिक निर्वाचन 15 जून को, तैयारियां अंतिम चरण में
बिलासपुर, 13 जून 2025।
छत्तीसगढ़ राज्य के मानिकपुरी पनिका समाज का बहुप्रतीक्षित सामाजिक निर्वाचन 15 जून 2025, रविवार को संपन्न होने जा रहा है। प्रदेशभर में इस चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह का माहौल है। समाज के लोग इस प्रक्रिया को एकता, संगठन और लोकतांत्रिक मूल्यों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में अहम मान रहे हैं।
प्रदेश के सभी 33 जिलों में मतदान केंद्रों की स्थापना कर दी गई है तथा निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति पूरी कर ली गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश मानिकपुरी तथा उनके तीन सहायक निर्वाचन अधिकारियों के नेतृत्व में यह चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं – गजानन दास कुलदीप (बस्तर), उमेश दास महंत (बेमेतरा), भरत दास (अकलतरा) और सीडी दिवान (कोरबा)। वहीं महासचिव पद के लिए पी.डी. माणिक (बिलासपुर) और नान्ही दास दिवान (कोरबा) के बीच मुकाबला होगा। कोषाध्यक्ष पद के लिए लोकनाथ केवड़ा (बलौदा) और गोपाल पड़वार (रायपुर) मैदान में हैं, जबकि सचिव पद के लिए तुलसी दास (रतनपुर), शंकर दास कुलदीप (कोंडागांव) और गोरे दास (पाली, कोरबा) उम्मीदवार हैं।
इस समाजिक निर्वाचन में प्रदेश भर से बीस हजार से अधिक मतदाता भाग लेंगे। मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा, जिसके बाद मतगणना कर उसी दिन विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
बिलासपुर जिले में लगभग 2200 मतदाता पंजीकृत हैं। यहां दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं—पहला, एसबीआर कॉलेज के पास महंत बाड़ा के सामने स्थित कबीर गुरुद्वारा में, और दूसरा टिकरापारा स्थित विक्रम टेलर के बगल में धर्मशाला में।
मतदाता केवल वैध पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड या अन्य किसी भी सरकारी पहचान पत्र के माध्यम से ही मतदान कर सकेंगे। निर्वाचन की सूचना सभी जिलों के कलेक्टर, निर्वाचन अधिकारी, मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक को भेज दी गई है ताकि शांति एवं व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनोज मानिकपुरी ने बताया कि यह चुनाव समाज को एकसूत्र में बांधने का अवसर है और इससे “एक समाज, एक संगठन, एक संविधान” की भावना को मजबूती मिलेगी।
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]