**अमरकंटक में रानी अहिल्याबाई की धर्मशाला को पुनः पूर्ववत स्वरूप देने की मांग**
*बुजुर्गों और नागरिकों की भावनाओं को सम्मान देना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी*
**संवाददाता / श्रवण उपाध्याय**
**अमरकंटक।** पवित्र नगरी अमरकंटक में स्थित रानी अहिल्याबाई होलकर के नाम पर निर्मित ऐतिहासिक धर्मशाला को पुनः पूर्ववत रूप में स्थापित किए जाने की मांग दिन-ब-दिन तेज होती जा रही है। बुजुर्ग नागरिकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि उक्त धर्मशाला, जो कभी यात्रियों के विश्राम का प्रमुख स्थान थी, अब प्रशासनिक उपयोग में आ रही है, जिससे मूल उद्देश्य और धार्मिक भावना आहत हो रही है।
जानकारी के अनुसार, इंदौर के खासगी ट्रस्ट द्वारा संचालित इस धर्मशाला का निर्माण रानी अहिल्याबाई की स्मृति में किया गया था, जो वर्ष 1995 तक यात्रियों के लिए धर्मशाला के रूप में कार्य करता रहा। बाद में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) ने इसका उपयोग कार्यालय के तौर पर करना शुरू कर दिया। वर्तमान में यहां अमरकंटक विकास प्राधिकरण का कार्यालय संचालित है।
स्थानीय बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का मानना है कि रानी अहिल्याबाई की स्मृति से जुड़ा यह भवन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे कार्यालय के रूप में उपयोग करना उचित नहीं है। 77 वर्षीय रामलाल सेन, 68 वर्षीय रामसरोवर द्विवेदी, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रज्जू सिंह नेताम, कांग्रेस नेता श्यामलाल सेन और पुजारी धनेश द्विवेदी सहित कई लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि उक्त भवन को पुनः धर्मशाला के रूप में ही उपयोग में लाया जाए।
नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष प्रभा पनरिया ने भी सुझाव दिया कि वर्तमान में रिक्त नगर परिषद कार्यालय को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर अहिल्याबाई धर्मशाला को फिर से उसी स्वरूप में शुरू किया जाए। वहीं, कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने इस मुद्दे को जिला प्रशासन और राज्य सरकार के समक्ष रखने की बात कही है।
स्थानीय जनता का कहना है कि देवी अहिल्याबाई होलकर के 300वीं जयंती वर्ष में यह एक सार्थक श्रद्धांजलि होगी यदि उनके नाम की यह ऐतिहासिक धर्मशाला फिर से सामाजिक और धार्मिक सेवा का केंद्र बने। सभी की एक ही आवाज है—”अहिल्याबाई धर्मशाला थी, है और रहनी चाहिए।”
Sanjeev singh Address bhartiya nagar bilaspur 7000103836

[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]