[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

**भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार जांगड़े का बिलासपुर दौरा: कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत**

**भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार जांगड़े का बिलासपुर दौरा: कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत**

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। भीम आर्मी छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार जांगड़े एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को बिलासपुर पहुंचे। यह दौरा संगठन विस्तार एवं सदस्यता अभियान को गति देने के उद्देश्य से किया गया था। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। दौरे की शुरुआत छत्तीसगढ़ भवन से हुई, जहां उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से औपचारिक भेंट की और संगठन की भावी रणनीतियों पर चर्चा की।

इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का काफिला अंबेडकर चौक, जीडीसी कॉलेज के पास पहुंचा, जहां उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आदर्श नागवंशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर संगठन के प्रति अपनी एकजुटता और संकल्प को दर्शाया।

मीडिया से चर्चा करते हुए राजकुमार जांगड़े ने प्रदेश की सामाजिक और राजनीतिक स्थिति पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी का उद्देश्य केवल सामाजिक न्याय की बात करना नहीं है, बल्कि हर उस व्यक्ति की आवाज बनना है, जो अन्याय, अत्याचार और राजनीतिक शोषण का शिकार हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “प्रदेश और जिले में कहीं भी किसी के साथ अन्याय, अत्याचार और राजनीतिक ठगी नहीं होने देंगे। भीम आर्मी शासन, प्रशासन और सत्ता को जनता का हित सिखाएगी।”

प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भीम आर्मी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक आंदोलन है, जो हमेशा जनता के हित में खड़ा रहेगा। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे जागरूक बनें और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष का काफिला कार्यकर्ताओं के साथ अमीरी के लिए रवाना हुआ। अमीरी में भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीण जनता ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

राजकुमार जांगड़े के इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जोश देखने को मिला। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में यह दौरा एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ। भीम आर्मी का यह संदेश स्पष्ट है कि वह न केवल सामाजिक बदलाव के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि सत्ता के समक्ष भी जनता की आवाज बनकर खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *