[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

भारतीय महिला बेसबॉल टीम ने एशिया क्वालीफायर में जीता रजत पदक, नेहा यादव पर बिलासपुर को गर्व…

भारतीय महिला बेसबॉल टीम ने एशिया क्वालीफायर में जीता रजत पदक, नेहा यादव पर बिलासपुर को गर्व. …

बिलासपुर

थाईलैंड में 23 से 29 अप्रैल 2025 तक आयोजित 4वीं वूमेन एशिया बेसबॉल क्वालीफायर प्रतियोगिता में भारतीय महिला बेसबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में भारत की ओर से बिलासपुर जिले की नेहा यादव ने भी भाग लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए देश व प्रदेश का नाम रोशन किया।

भारतीय बेसबॉल संघ की महासचिव मिताली घोष ने जानकारी देते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि हमारे खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी दमदार उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। नेहा यादव के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने एक के बाद एक मैच जीतकर फाइनल तक का सफर तय किया।

भारतीय टीम को पूल चरण में पाकिस्तान, श्रीलंका और ईरान जैसी टीमों से भिड़ना पड़ा। पहले मैच में भारत ने श्रीलंका को 15-04 से करारी शिकस्त दी। इसके बाद दूसरे मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 2-1 से हराया। तीसरे मुकाबले में भारत ने ईरान को 13-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

सेमीफाइनल में भारत का सामना मेजबान टीम थाईलैंड से हुआ। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें भारतीय महिला टीम ने 6-5 से जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में भारत को इंडोनेशिया से कांटे की टक्कर मिली, लेकिन अंतिम क्षणों में 5-4 से हार का सामना करना पड़ा और टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

इस उपलब्धि के साथ भारतीय महिला बेसबॉल टीम ने अक्टूबर माह में चीन में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय महिला एशिया कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। यह भारत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

नेहा यादव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके बिलासपुर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। बैंड-बाजे, फूल-मालाओं और पटाखों के साथ नेहा का जोरदार अभिनंदन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश बेसबॉल संघ की उपाध्यक्ष कैरोलाइन सत्तूर, प्रदेश सॉफ्टबॉल संघ के अध्यक्ष सुशील मिश्रा, वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक मृत्युंजय शर्मा, अमित मिश्रा, अमित तिवारी, महेशव शर्मा, साजिद खान, देव रुद्राकार, आसिफ अली, जयकुमार निर्मलकर, सूरज नायक सहित कई गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे।

बेसबॉल के वरिष्ठ खिलाड़ी लखन लाल देवांगन, अंकुर रजक, शिशिर निशाद, शुभम सोनी, विकास यादव, हरिश मौर्य, सुभांशु यादव, तरन्नुम खान, आकाश कश्यप, शत्रुहान वर्मा के साथ ही बड़ी संख्या में नन्हे खिलाड़ी भी नेहा के स्वागत के लिए मौजूद थे। इस गौरवपूर्ण क्षण ने पूरे जिले को गर्व से भर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *